9 मई 2023 - 12:22
ईरान और ओमान के सैन्य नेतृत्व की महत्वपूर्ण मुलाक़ात, जनरल बाक़ेरी ने कहा पूरब मज़बूत और पश्चिम कमज़ोर हो रहा है

ओमान की यात्रा पर मसक़त पहुंचे ईरान की आर्म्ड फ़ोर्सेज़ के जनरल स्टाफ़ के प्रमुख जनरल मोहम्मद बाक़ेरी ने ओमान के चीफ़ आफ़ आर्मी स्टाफ़ एडमिरल अब्दुल्लाह बिन ख़मीस अलरईसी से मुलाक़ात और इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि आज ताक़त का झुकाव पश्चिम से पूरब की ओर बढ़ता जा रहा है, भविष्य हमारे इलाक़े और एशिया का है।

जनरल बाक़ेरी कल ओमान पहुंचे थे और आज सोमवार को उनकी मुलाक़ात एडमिरल अब्दुल्लाह बिन ख़मीस से हुई। उन्होंने इस्लामी गणराज्य ईरान के बारे में ओमान की दोस्ताना नीतियों और व्यवहार की प्रशंसा की। जनरल बाक़ेरी का कहना था कि ओमान ने दोस्ती और पड़ोस का हक़ अदा किया।

उनका कहना था कि फ़ार्स खाड़ी और पश्चिमी एशिया का इलाक़ा बहुत संवेदनशील इलाक़ा है और इस इलाक़े में हालिया वर्षों में अमरीकियों ने ज़ोर आज़माई की और ख़ुद को दुनिया और इस इलाक़े के मालिक के तौर पर थोपने की कोशिश की।

जनरल बाक़ेरी का कहना था कि अब शक्ति के संतुलन के चिन्ह साफ़ दिखाई देते हैं और ताक़त का झुकाव पश्चिम से पूरब की ओर बढ़ता जा रहा है।

जनरल मोहम्मद बाक़ेरी ने कहा कि जल्द ही तेहरान में न्यू वर्ल्ड आर्डर के विषय पर एक बैठक का आयोजन होगा जिसमें ओमान सहित कई देश शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बड़ी अपनाइयत और गर्मजोशी पायी जाती है और हमारा मानना है कि दोनों देशों के बीच समुद्री सीमा की सुरक्षा अधिक मज़बूत होनी चाहिए।

जनरल बाक़ेरी ने फ़िलिस्तीन के विषय पर बात करते हुए कहा कि यह इस्लामी दुनिया और ईरान की नज़र में बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है और आज ज़ायीनी शासन पर चौतरफ़ा दबाव पड़ रहा है।

इस मौक़े पर ओमान के चीफ़ आफ़ आर्मी स्टाफ़ ने कहा कि हम एक ही इलाक़े के सपूत हैं इसलिए एक दूसरों के हितों को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने ईरान और सऊदी अरब के बीच समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि यह इलाके में बाहरी ताक़तों के हस्तक्षेप को बंद करने वाली सफलता है।

342/